व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में होगी ठोस पहल : सुदिव्य
रामगढ़, 28 जून (हि.स.)। जिले के व्यापारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की समस्या सरकार प्राथमिकता के तौर पर देख रही है। उन समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस पहल होगी। यह बातें रविवार को रामगढ़ पहुंचे नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कही।
वे रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के 33 वीं वार्षिक आमसभा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यहां के व्यापारियों ने उन्हें कई बातें बताई हैं। जो समस्या दिख रही है उसके निराकरण के लिए गंभीर और ईमानदार पहल उनके स्तर से होगी।
रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के 33 वीं वार्षिक आम सभा का आयोजन रविवार को चेंबर भवन में आयोजित की हुई सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक ममता देवी, डीसी ऋतुराज, एफजेसीसीआई के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, चेंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विवेक कुमार अग्रवाल सहित चेंबर के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वार्षिक आम सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि रामगढ़ चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के तमाम पदाधिकारी, सदस्य और रामगढ़ के प्रबुद्ध समाज रामगढ़ की दिशा तय करता है। ज्ञापन के माध्यम से मुझे जो अवगत कराया गया है उन समस्याओं का निराकरण हो सकता है। समस्याओं के निराकरण की दिशा में एक गंभीर और ईमानदार पहल होगी। उन्होंने कहा कि चेंबर समाज का यह प्रबुद्ध उत्पादक वर्ग है जो संसाधनों और रोजगार उत्पादन करता है। वह अगर संगठित रूप से कहीं पर बैठकर अपनी बातें अपने जनप्रतिनिधियों के समूह के तौर पर रख कर सरकार तक पहुंचाने की कोशिश करता है तो मैं इस प्रयास की सराहना करता हूं। क्योंकि संवाद आवश्यक है।
विधायक ममता देवी ने कहा कि रामगढ़ निरंतर चौमुखी विकास की और अग्रसर है। लेकिन रामगढ़ शहरी क्षेत्र में छावनी परिषद के कारण विकास का कार्य बाधित हो रहा है। छावनी परिषद का नगर परिषद में मर्ज हो जाने से विकास की गंगा बहेगी। उन्होंने कहा कि रामगढ़ महाविद्यालय को जल्द विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
एफजेसीसीआई के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि रामगढ़ विधानसभा का योगदान खनिज आधारित उद्योगों का सीमेंट और फूड प्रोसेसिंग में बहुत बड़ी भूमिका अदा कर रहा है। आने वाले दिनों में झारखंड देश विदेश में उद्योग रोजगार और व्यापार की संभावनाओं की प्रदेश से जाना जाएगा। वर्तमान समय में व्यापार और उद्योग कई संकटों से गुजर रहा है। उसको कैसे हम लोग दूर करें इस दिशा में भी सरकार के साथ मिलकर एफजेसीसीआई काम कर रही है। उन्होंने कहा कि काफी दिनों से मांग रही है कि रांची से लेकर न्यू दिल्ली तक राजधानी ट्रेन को संचालित किया जाए। फेडरेशन यहां मांग बहुत जोर से केंद्र सरकार के बीच रखी है। जल्दी रांची, बरकाकाना, हजारीबाग, कोडरमा होते हुए न्यू दिल्ली के लिए राजधानी ट्रेन चालू हो जाएगी। रामगढ़ में फूड प्रोसेसिंग हब कैसे बने उसके लिए भी हम सब लोग निरंतर कोशिश कर रहे हैं।
रामगढ़ चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को जिले के विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि रामगढ़ जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। माता महामाया टुंगरी, गोड़ातु धाम, घाटी के बीच कुदरत जलप्रपात को सर्कल बनाकर पर्यटक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। रामगढ़ शहरी क्षेत्र के कुंवर टोला स्थित ऐतिहासिक किला जो राजाबांध (गढ़बांध) के नाम से जाना जाता है। इसमें कई धार्मिक मान्यताएं भी है। शहर के बिजुलिया तालाब को सौंदर्यीकरण कराया जाना आवश्यक है। इससे स्थानीय नागरिक को एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। जिले के पतरातू प्रखंड के तर्ज पर मांडू और गोला प्रखंड में भी पर्यटन की दृष्टिकोण से विकसित करने की आवश्यकता है। जिले में उद्योग की अपार संभावनाएं हैं, इस जिला में खनिज पदार्थ की प्रचुरता है।
आमसभा में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, मुख्यालय डीएसपी अकरम राजा, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी, सह सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार पोद्दार, राहुल जैन, मेहुल बसंत, मुरारी लाल अग्रवाल, नरेंद्र कुमार सिंह, अमित साहू, रमन मेहरा, राजेश अग्रवाल सहित कई लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश