जीतपुर खनन परियोजना के लिए मुआवजा वितरण शुरू
गोड्डा, 24 अप्रैल (हि.स.)।
सुंदरपहाड़ी प्रखंड में जीतपुर खनन परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के एवार्डियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर अंचल कार्यालय में शिविर लगाकर प्रभावित रैयतों से कागजात लिए गए और भुगतान की अग्रिम कार्रवाई की गई। प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि यह शिविर 25 अप्रैल को भी सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे तक जारी रहेगा और शेष रैयतों से समय पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
यह शिविर टेरी माईनिंग प्राईवेट लिमिटेड की परियोजना कोल माइनिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर, ओबी डम्प, पुनर्वास स्थल और कोयला परिवहन सड़क से प्रभावित ग्रामीणों के लिए आयोजित किया गया है।
शिविर के पहले दिन करीब 150 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया। जीतपुर, कैरोजोड़ी बड़ा, पहाड़पुर और सुंदरपहाड़ी मौजा के एवार्डियों ने अपने आवश्यक दस्तावेज जमा किए।
शिविर के सुचारु संचालन के लिए अंचल कार्यालय परिसर में बैठने और कागजी कार्यवाही की समुचित व्यवस्था की गई थी। मौके पर मौजूद सीओ और सीआई ने रैयतों की पहचान और दस्तावेज सत्यापन में सहयोग किया। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के निर्देशानुसार प्रभावित लोगों ने क्षतिपूर्ति बंधपत्र सहित जरूरी कागजात जमा किए। इस दौरान परियोजना प्रमुख रितेश तिवारी सहित कंपनी प्रतिनिधियों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी की।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहे।
इस अवसर पर बीडीओ, सीओ, सीआई सहित बडी संख्या में ग्रामीण सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar