सतरंजी के पुराने सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार कर बनेगा बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र

 


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। तुपुदाना के वार्ड संख्या 53 की सतरंजी बस्ती स्थित देवी मंडप के समीप नगर निगम के पुराने सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार कर इसे बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां लाइब्रेरी, अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और वार्ड कार्यालय संचालित करने की योजना है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ भवन का निरीक्षण कर आवश्यक कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भवन की जर्जर स्थिति और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने भवन के एक हॉल को विद्यार्थियों और युवाओं के लिए लाइब्रेरी, भूतल को अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रथम तल को वार्ड कार्यालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इससे स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और नगर निगम की सेवाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।

नगर आयुक्त ने सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार के साथ पूरे क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं बेहतर बनाने का निर्देश दिया। इसके तहत पीसीसी सड़क, नाली निर्माण, पेंटिंग, आवश्यक सिविल कार्य, हाईमास्ट एवं सोलर लाइट लगाने तथा जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने अभियंत्रण शाखा को सभी प्रस्तावित कार्यों का विस्तृत प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने को कहा, ताकि योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जा सके। निरीक्षण में सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित अन्य कर्मी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar