मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के लिए आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

 




रामगढ़, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से हजारीबाग के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से सीधे बातचीत कर पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली। उनके साथ रामगढ़ के अंचल अधिकारी रमेश रविदास भी मौजूद थे।

निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या 130, 131 और 132 तथा चितरपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 235, 236 और 238 का जायजा लिया। जिन केंद्रों पर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 कम भरे गए थे, वहां उन्होंने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ पर्यवेक्षकों को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक प्रपत्र-6 भरवाने और उनकी समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त ने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से शनिवार को आयोजित ‘मेगा हेल्प डेस्क कैंप’ के कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने अभियान का गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश