आयुक्त ने किया भू-सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्यालय का औचक निरीक्षण

 


दुमका, 29 मई (हि.स.)। संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार शुक्रवार को भू-सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किये। आयुक्त संजय कुमार ने रैयतों के नाम दर्ज कर हाल पर्चा तैयारी करने, प्रकाशन करने एवं अंतिम रूप वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयुक्त ने रैयतों से संबंधित दस्तावेज खंगालते हुए हाल पर्चा प्रकाशन में देरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए समय पर पर्चा प्रकाशन का निर्देश दिया।

उच्च न्यायायलय के छह माह के अंदर बंदोबस्त कार्य पूरा करने के निर्देश के बावजूद कार्यो के निष्पादन को गति प्रदान करने का निर्देश दिया। वहीं लंबित मामले के आदेश पारित करने में धीमी गति पर संबंधित अधिकारियों से जबाव तलब किया। वहीं वर्षो पुराने लंबित मामले के निष्पादन को अधिक प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने रैयतों के लंबित वादों के निष्पादन, हाल पर्चा एवं फाईनल पर्चा प्रकाशन में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।

जानकारी के अनुसार देवघर, गोड्डा, दुमका और साहिबगंज सहित अन्य जिलों का हाल पर्चा तैयार हो चुका है, लेकिन प्रकाशन लंबित है। यदि तैयार पर्चा का प्रकाशन कर दिया जाये तो त्रुटियों पर आपत्ति सुनने के बाद अंतिम प्रकाशन और गजट की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इससे अंचलों में भी बंदोबस्त कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार