विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए महाविद्यालय प्रतिबद्ध : प्राचार्य
रामगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ महाविद्यालय में नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए इंट्रोडक्शन मीट सह परिचायक सत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो डॉ विमल कुमार मिश्रा, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान नव नामांकित विद्यार्थियों को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं एवं विभिन्न समितियों की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को महाविद्यालय के ड्रेस कोड, अनुशासन, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं महाविद्यालय की परंपराओं से भी अवगत कराया गया।
सिविल सर्जन डॉ उदय श्रीवास्तव और उनकी टीम ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया एवं उसके महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ प्रीति कमल ने “प्रमा” के तहत शोध प्रस्तुति से संबंधित जानकारी दी। वहीं डॉ अनामिका ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं डॉ राहुल ने खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो डॉ विमल कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज कल्याण में योगदान देने के लिए विद्यार्थियों को तैयार करना है।
बच्चे राष्ट्र के भविष्य हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास पर केंद्रित है।
प्राचार्य ने कहा कि संपूर्ण विकास का अर्थ केवल मेजर विषय में विशेषज्ञता हासिल करना नहीं है। विद्यार्थियों को अन्य विषयों का भी गहन अध्ययन करना आवश्यक है। उन्होंने स्नातक पाठ्यक्रम एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्य और प्रारूप की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ मालिनी (डीन), विजेता तिग्गा एवं मोहित जैन ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में डॉ राजेश कुमार उपाध्याय, डॉ बख्शी ओम प्रकाश सिन्हा, डॉ रामाज्ञा सिंह, डॉ कामना राय, असीम खलको, डॉ शालिनी प्रकाश, डॉ नीतू मिंज, डॉ संगीता बारला, डॉ शाहनवाज खान, साजिद हुसैन, गोपाल कुमार, प्रेम चंद महतो सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं नव नामांकित विद्यार्थी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश