भुईयां समाज को एसटी का दर्जा दिलाने पर होगा सामुहिक प्रयास : दुलाल भुईयां

 


हजारीबाग, 07 सितंबर (हि.स.)। जन विकास केंद्र में सोमवार को भुईयां समाज की महापंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही महापंचायत में समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ भुईयां जाति को पूरे देश में आदिम जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांगें उठाई गई।

इस अवसर पर भुईयां समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां बतौर मुख्य अतिथि कहा कि समाज के विकास में जरूरी है कि सभी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें। भुईयां समाज को देशभर में आदिम जनजाति का दर्जा दिलाने के लिए सामुहिक और संगठित प्रयास किया जाएगा। समाज की एकता और अधिकारों के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार से सामाजिक फंड मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि हर परिवार प्रतिदिन एक मुट्ठी चावल और एक रुपये का संग्रह करे। इससे तैयार होने वाले फंड का उपयोग गरीब बच्चों की स्कूली और उच्च शिक्षा, जरूरतमंद परिवारों के बेहतर इलाज और कमजोर वर्ग के आर्थिक उत्थान में किया जा सकेगा।

महापंचायत के दूसरे चरण में हजारीबाग में कार्यक्रम के बाद दुलाल भुईयां मंगलवार को कोडरमा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। भुईयां ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज में नशामुक्ति अभियान चलाने पर भी जोर दिया। इसके अलावे दहेज प्रथा के खिलाफ सामाजिक स्तर पर मजबूती से आवाज उठाने और शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुईयां, विशिष्ट अतिथि नुनु लाल भुईयां, हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी, बड़कागांव प्रमुख हेमंत भुईयां, रंजीत राम भुईयां सहित कई पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar