कांग्रेस नेताओं ने गांधी जयंती पर बापू को किया नमन
देवघर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुन्नम संजय, मुकुंद दास, डॉ उदय प्रकाश सहित अन्य नेताओं ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मौके पर प्रदेश महासचिव मुन्नम संजय ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर संघर्ष किया एवं स्वतंत्र भारत को लेकर एक ऐसी परिकल्पना रखी, जिसमें सभी के लिए समानता और न्याय की भावना निहित थी।
मुन्नम ने कहा कि गांधीजी के व्यक्तित्व में अद्भुत आध्यात्मिक शक्ति थी और उनके विचारों को पूरी दुनिया सम्मान देती है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने मनरेगा सहित गांधीजी के नाम से जुड़ी योजनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए और कहा कि गांधी के विचारों को मजबूती से आगे बढ़ाने की जरूरत है।
कार्यक्रम में डॉ उदय प्रकाश, मुन्नम संजय, अजय कुमार, नित्यानंद सेवक, विकास कुमार, दिनेश मंडल, मणिकांत यादव, रमाकांत यादव, प्रीतम भारद्वाज सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy