कोल इंडिया के अध्यक्ष ने राजमहल परियोजना का किया निरीक्षण
गोड्डा, 14 सितंबर (हि.स.)।
कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बी साईराम रविवार को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के राजमहल एरिया पहुंचे। उनके आगमन पर ईसीएल के सीएमडी सतीश झा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कोल इंडिया अध्यक्ष ने हुर्रा ओसीपी और हुर्रा-सी सीएचपी का निरीक्षण कर परियोजना की गतिविधियों का जायजा लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बी साईराम ने हुर्रा ओसीपी में खनन गतिविधियों का जायजा लिया। इसके बाद हुर्रा-सी सीएचपी का निरीक्षण करते हुए कोयला प्राप्ति स्थल, बंकर और साइलो की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने हुर्रा-सी के नए व्यू प्वाइंट का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद कोल इंडिया अध्यक्ष राजमहल ओपन कास्ट प्रोजेक्ट पहुंचे, जहां उन्होंने खनन गतिविधियों का प्रत्यक्ष जायजा लिया। परियोजना की कार्यप्रणाली और उत्पादन से संबंधित जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की तथा कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया।
दौरे के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया। कोल इंडिया अध्यक्ष बी साईराम, ईसीएल सीएमडी सतीश झा, निदेशक तकनीकी (ऑपरेशन) चित्रंजन कुमार और राजमहल एरिया महाप्रबंधक एएन नायक ने उर्जानगर कॉलोनी परिसर स्थित गुंडिया मंदिर परिसर में पौधरोपण किया।
कोल इंडिया अध्यक्ष के दौरे के दौरान ईसीएल सीएमडी सतीश झा, निदेशक तकनीकी (ऑपरेशन) चितरंंजन कुमार और राजमहल एरिया महाप्रबंधक एएन नायक सहित परियोजना के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
राजमहल एरिया में कोल इंडिया के अध्यक्ष का यह दौरा परियोजना की खनन और उत्पादन गतिविधियों के साथ तकनीकी व्यवस्था, परिचालन, पर्यावरण और भविष्य की कार्ययोजना की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार