सीओ ने आठ मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

 


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रामगढ़ सीओ रवि रविदास ने बुधवार को रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक तथा चुनाव पाठशाला कार्यक्रम की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने जिले के मतदान केंद्र संख्या 94, 95, 121, 122, 123, 125, 126 एवं 127 सहित कुल आठ केंद्रों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ को मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र एवं वंशावली प्राप्त करने तथा दूसरे राज्यों के मतदाताओं की मैपिंग संबंधित राज्यों की पिछली एसआईआर मतदाता सूची से कराने में आवश्यक सहायता देने पर जोर दिया।

उन्होंने हाउस-टू-हाउस सर्वे के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं एवं भावी मतदाताओं की सूची तैयार कर उन्हें फॉर्म-6 उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही नए पात्र भारतीय नागरिकों को आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करने में सहयोग करने को कहा।

इस दौरान बीएलओ ने फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराते हुए विशेष कैंप आयोजित करने का अनुरोध किया। इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने लंबित आवेदनों के डिजिटाइजेशन में तेजी लाने तथा 12 नवंबर तक चलने वाले होम-टू-रोल वेरिफिकेशन का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। साथ ही एसआईआर के सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश