सीएनआई चर्च रामगढ़ और चितरपुर में बिल्डरों को बेच रही डीयू मिशन की जमीन
रामगढ़, 13 सितंबर (हि.स.)। सीएनआई चर्च रामगढ़ शहर के साथ-साथ चितरपुर प्रखंड में भी डीयू मिशन की जमीन बेच रही है। इसका खुलासा रियल एस्टेट बिजनेस में शामिल बिल्डर हमीद हाशमी और चर्च ऑफ़ नॉर्थ इंडिया के सचिव संतोष मरांडी के पत्र से हुआ है। डीयू मिशन की जमीन रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर में मौजूद है। वहां डीयू मिशन की लगभग 10 एकड़ जमीन है। जिसमें लगभग 7 एकड़ की जमीन पर चर्च आफ नॉर्थ इंडिया ने कब्जा जमा रखा है। और लगभग तीन एकड़ जमीन उनके कब्जे में नहीं है। डीयू मिशन का जो भी जमीन कब्जे में नहीं है, उसे काबिज करने के लिए सीएनआई चर्च ने चितरपुर प्रखंड के ग्लोब डेवलपर, रियल एस्टेट बिजनेस, टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट, सप्लायर हमीद हाशमी को 1.5 एकड़ जमीन देने का विचार कर लिया है।
चितरपुर के मारंग मरचा स्थित ग्लोब डेवलपर के मालिक हमीद हाशमी को डीयू मिशन के नाम की जमीन के दस्तावेज की त्रुटि को पूर्ण कराने, पंजी-II, में नाम दर्ज कराने, लगान रसीद निर्गत करवाने के जिम्मेदारी सीएनआई चर्च ने दी है।
बिल्डर ने दस्तावेज सुधरवाने के नाम पर मांगा 1.5 एकड़ जमीन
ग्लोब डेवलपर के मालिक हामिद हाशमी ने बताया कि उन्हें सीएनआई चर्च ने 10 एकड़ जमीन में बाउंड्री करने और जमीन से जुड़े मामले को अंचल से सुधरवाने की जिम्मेदारी सौंप गई थी। जिसके एवज में उन्होंने डेढ़ एकड़ जमीन लेने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही उस जमीन के नीचे 4 फीट गहराई तक फाउंडेशन और जमीन के ऊपर 10 फीट तक बाउंड्री, पिलरिंग, वायर करके गेट लगाने की बात भी कही गई है। इस पूरे कार्य में लगभग 1.5 करोड़ रुपये ग्लोब बिल्डर खर्च करने का दावा रखती है। इसलिए सीएनआई चर्च ने 1.5 एकड़ जमीन देने की बात कही है।
20 जून को ग्लोब डेवलपर ने डीयू मिशन रामगढ़ को लिखी थी चिट्ठी
चितरपुर प्रखंड के मारंग मरचा स्थित ग्लोब डेवलपर के मालिक हमीद हाशमी ने 20 जून 2026 को डीयू मिशन, रामगढ़ को एक चिट्ठी लिखी थी। जिसमें डीयू मशीन की जमीन को काबिज करके देने एवं उसके बदले जमीन का आदान-प्रदान करने की बात कही थी।
12 जुलाई को चर्च आफ नॉर्थ इंडिया ने बैठक कर लिया निर्णय
ग्लोब डेवलपर के मालिक की चिट्ठी पर चर्च आफ नॉर्थ इंडिया डायसिस छोटानागपुर के सचिव संतोष मरांडी ने संज्ञान लिया और उन्होंने पेरिस सभा सदस्य गण की बैठक करने के लिए 9 जुलाई को चिट्ठी लिखी। जिसमें सचिव संतोष मरांडी ने साफ लिखा था कि यह बैठक सेंट पैट्रिक चर्च चितरपुर में होगी। इस बैठक का मुख्य विषय डीयू मिशन चितरपुर की भू संपत्ति से संबंधित विचार विमर्श चितरपुर मंडली समिति के संग करने की बात कही गई थी।
सीएनआई चर्च ने वर्ष 2016 में रांची के बिल्डर को बेची थी जमीन
सीएनआई चर्च से जुड़े लोगों ने वर्ष 2016 में रामगढ़ के डीयू मिशन की जमीन को रांची के बिल्डर, हरमू निवासी रंजीत कुमार सिंह को बेची थी। रंजीत कुमार सिंह ने वर्ष 2018 में रामगढ़ कोर्ट में परिवाद संख्या 560 दर्ज कराया था। इस परिवाद में उसने बताया था कि वह एडोनिस कंस्ट्रक्शन प्रिपेक्ट, जो रांची में कमर्शियल कंपलेक्स का निर्माण करती है का पार्टनर है। छोटानागपुर डायसियन इस्टर एसोसिएशन के द्वारा वह नियुक्त किया गया है। उसे रामगढ़ में डीयू मिशन की जमीन पर कमर्शियल कंपलेक्स का निर्माण करने के लिए जमीन दी गई थी। झंडा चौक स्थित 3 एकड़ 32 डिसमिल जमीन, जिसका खाता नंबर 298, प्लॉट नंबर 457, 459, 460 और 461 है, उस पर कमर्शियल कंपलेक्स बनाने की तैयारी बिल्डर ने शुरू कर दी थी। उसने कमर्शियल कांप्लेक्स निर्माण के लिए नक्शा पारित कराने हेतु अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद को एक आवेदन दिया था।
राजेश धान में 21 नवंबर 2016 को किया था विरोध
बिल्डर रंजीत सिंह के द्वारा जब छावनी परिषद में गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर नक्शा पास करने का आवेदन दिया गया, तब राजेश धान ने 21 नवंबर 2016 को कैंटोनमेंट बोर्ड में आवेदन देकर आपत्ति जताई थी। उसकी इस आपत्ति के बावजूद कैंटोनमेंट बोर्ड से डीयू मिशन ट्रस्ट एसोसिएशन के नाम से 21,432 स्क्वायर फीट और 35,350 स्क्वायर फीट साथ ही डीयू मिशन ट्रस्ट (छोटानागपुर डाइसेशन ट्रस्ट एसोसिएशन) के नाम से 38102 स्क्वायर फीट का नक्शा पास कर दिया गया था।
चितरपुर सीओ ने प्रॉपर्टी ट्रांसफर से जताई अनभिज्ञता
चितरपुर सीओ दीपक मिंज ने बताया कि इस मामले में डीयू मिशन ने किसे प्रोपर्टी ट्रांसफर की है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। और किस हैसियत से सीएनआई चर्च उसे चला रही है, इसके बारे में भी उनके कार्यालय में कोई जानकारी नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश