बेवजह सड़क पर चालान काटे जाने पर रोक लगाए प्रशासन : संघ
रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ की प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकारी सदस्यों की बैठक बुधवार को लाइन टैंक रोड स्थित ड्यूक मेंशन कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ ऑटो चालकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कई प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में ऑटो परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए चौक-चौराहों से निर्धारित दूरी पर वाहन संचालन, रूट निर्धारण, किराया चार्ट और ऑटो चालकों के लिए पहचान पत्र (आई-कार्ड) की व्यवस्था जल्द लागू करने की मांग भी उठाई गई। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी को नेशनल फेडरेशन ऑफ अनऑर्गनाइज्ड एंड माइग्रेट वर्कर्स का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किए जाने पर महासंघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि नए दायित्व के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, ऑटो चालकों और वाहन मालिकों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
बैठक में महासंघ के निष्क्रिय पदाधिकारियों की भूमिका की समीक्षा की गई। इसके अलावा यातायात प्रशासन की ओर से कथित रूप से बेवजह सड़क पर चालान काटे जाने पर चिंता जताते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की गई। महासंघ ने कहा कि नियमों के नाम पर ऑटो चालकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक में प्रदेश संरक्षक मदन केसरी, उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, सचिव आकाश भारती, रमाशंकर सिंह, संगठन मंत्री अमर मुंडा, कोषाध्यक्ष भोला सिंह, कार्यकारी सदस्य विक्रम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar