धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी : हेमंत सोरेन

 






-बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समाधि स्थल पर अर्पित की श्रद्धांजलि

रांची, 15 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राजधानी रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित किया और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे केवल इतिहास के महानायक ही नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, अस्मिता और स्वाभिमान के सबसे बड़े प्रतीक हैं। अपने लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जो संघर्ष किया, त्याग किया और सर्वोच्च बलिदान दिया, वह आने वाली सदियों तक सभी को प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि धरती आबा को याद करने पर उनके मन में एक संकल्प और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि जिस ‘जल, जंगल और जमीन’ की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसकी रक्षा करना और उनके सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से धरती आबा के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन और कार्यों में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे