मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से प्रशासन में हलचल, कांटाटोली चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था पर जताई नाराजगी
रांची, 01 जून (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक बार फिर अपने औचक निरीक्षण को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने बिना पूर्व सूचना के राजधानी रांची की सड़कों पर निकलकर यातायात व्यवस्था और आम लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी उनके इस निरीक्षण की पुष्टि करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनता की समस्याओं को नजदीक से समझने और व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्वयं सड़कों पर उतरे।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा गया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जनता की तकलीफों को करीब से समझने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर रहे हैं। इससे पहले भी दिसंबर 2025 और अप्रैल 2026 में उन्होंने इसी तरह अचानक विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था का आकलन किया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, रविवार शाम मुख्यमंत्री अपने कांके रोड स्थित आवास से बिना किसी पूर्व कार्यक्रम के राजधानी की स्थिति का जायजा लेने निकल पड़े। इस दौरान वे अचानक रांची के सबसे व्यस्त यातायात केंद्रों में शामिल कांटाटोली चौक पहुंच गए। यहां उन्होंने यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और अव्यवस्थित ट्रैफिक तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग को लेकर नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद यातायात पुलिस अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग और यातायात अव्यवस्था के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को ट्रैफिक प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने तथा सड़क अतिक्रमण पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के अचानक निरीक्षण की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। उच्च अधिकारियों को तत्काल स्थिति की जानकारी दी गई और ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए। हालांकि रविवार होने के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा सड़कों पर यातायात का दबाव अपेक्षाकृत कम था।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के अगले ही दिन सोमवार को रांची की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह के साथ राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर अंजुमन प्लाजा तक यातायात व्यवस्था, पार्किंग और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वाले चालकों, फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों तथा अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पैदल यात्रियों के लिए निर्धारित मार्गों पर वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। साथ ही पार्किंग स्टैंड में खड़े वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात अधिकारियों और जवानों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यातायात संचालन को और बेहतर बनाने तथा आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे