झामुमो से राज्यवासियों को उम्मीदें, जनहित मुद्दों पर काम करें कार्यकर्ता : हेमंत साेरेन

 


रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केन्द्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झामुमो से राज्यवासियों को काफी उम्मीदें हैं। वर्तमान राजनीतिक हालात को देखते हुए संगठन की जिम्मेदारी, पहले से कहीं और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने झामुमो के कार्यकर्ताओं को पार्टी के ढांचे को और सशक्त बनाने का आहवान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर जनहित से जुडे मुद्दों पर काम करें। ताकि पार्टी हर स्तर पर वे प्रभावी भूमिका निभा सकें। हेमंत सोरेन मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में झामुमो के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारियों की बैठक के पहले दिन बोल रहे थे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस दो दिवसीय बैठक में खास तौर पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर ठोस रूप से चर्चा की गई।

हेमंत सोरेन ने नगर और महानगर कमेटियों को भी और सक्रिय एवं धारदार बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में केवल सरकार चलाने के साथ ही संगठन की मजबूती की भी जरूरी है। बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर विशेष अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे मतदाता सूची, जनगणना और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर सकें। झामुमो ने संकेत दिया है कि वह आने वाले समय में संगठन और जनसरोकार दोनों मोर्चों पर अधिक आक्रामक भूमिका में नजर आएगा।

बैठक में जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने माना कि जनगणना केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से भी जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। झामुमो ने इस बात पर जोर दिया कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित समाज की सही गणना सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि उनके अधिकार सुरक्षित रह सकें।

एसआइआर को लेकर पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा इस प्रक्रिया की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर सकती है। लेकिन एसआइआर के नाम पर किसी भी लोकतांत्रिक अधिकार से जनता को वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

मंच संचालन कर रहे पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक के पहले दिन साहेबगंज, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, खुंटी, सिमडेगा जिला समिति के चुनिंदा पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं दूसरे दिन बुधवार को अन्य 12 जिलों के चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया जाएगा।

बैठक में राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा सहित 12 जिलों से आए संगठन के चुनिंदा पदाधिकारी और विधायक एवं सांसद मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar