ईटकी प्रखंड और बड़गाईं अंचल के लाभुकों को एक साथ मिला अप्रैल से जून तक का भुगतान

 


रांची,11 जुलाई (हि.स.)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत रांची में द्वितीय चरण का भी भुगतान कर दिया गया है। दूसरे चरण में ईटकी प्रखण्ड और बड़गाईं अंचल के लाभुकों को एक साथ अप्रैल से जून 2026 तक की सम्मान राशि (7500 रूपये) का भुगतान किया गया है।

ईटकी प्रखण्ड के 10327 और बड़गाईं अंचल के 10204 लाभुकों के मध्य 15 करोड़ 39 लाख 82 हजार 500 की सम्मान राशि का आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया है।

इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि इसके पूर्व प्रथम चरण में जिले की 3 लाख 66 हज़ार 664 लाभुकों के बैंक खातों में माह अप्रैल 2026 से जून 2026 तक की 03 माह की सम्मान राशि (7,500 प्रत्येक लाभुक) कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार हस्तांतरित की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे