मुख्यमंत्री हेमंत का आदेश, सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर करें पेयजल की व्यवस्था
रांची, 23 मई (हि.स.)। झारखंड सरकार ने राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेब को देखते हुए अहम निर्देश जारी किए हैं। सभी जिलों के डीसी, एसपी, थाना प्रभारी, सीओ, बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधियों और सरकारी कार्यालयों को अपने दफ्तरों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थानों पर आम लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था से जुड़ी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि राहगीरों और आम लोगों को राहत मिल सके। सभी उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जहां भी जल संकट की स्थिति हो, वहां तत्काल टैंकरों के जरिए जलापूर्ति कराई जाए. साथ ही खराब चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी जल्द की जाएं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। यह प्रशासन और संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे