मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली रवाना, नीति आयोग की बैठक में होंगे शामिल
रांची, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 11 जून को नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल (शासी परिषद) की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में हिस्सा लेने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बैठक में राज्य का मजबूती से पक्ष रखने के लिए झारखंड सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नीति आयोग की सीईओ निधि छिब्बर ने इस संबंध में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पत्र लिखकर बैठक के एजेंडे की जानकारी दी है। इस बार की बैठक का मुख्य विषय विकसित भारत के लिए मानव पूंजी रखा गया है। इसके अलावा दिसंबर 2025 में आयोजित हुए मुख्य सचिवों के 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन में जिन प्राथमिकताओं और सिफारिशों को तय किया गया था, उनपर भी इस बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी।
नीति आयोग के उपाध्यक्ष की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस बैठक के लिए विशेष आमंत्रण भेजा गया है। मुख्यमंत्री के साथ-साथ राज्य के कई शीर्ष अधिकारी भी इस बैठक में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य सरकार ने अधिकारियों के नाम तय कर नीति आयोग को भेज दिए हैं।
ये अधिकारी बैठक में होंगे शामिल
-अविनाश कुमार (मुख्य सचिव, झारखंड)
-मुकेश कुमार (सचिव, योजना एवं विकास विभाग)
-अरवा राजकमल (रेसिडेंट कमिश्नर, दिल्ली)
-विजया जाधव (अपर सचिव, योजना एवं विकास)।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे