झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष ने दी होली की शुभकामनाएं, प्रदेश में सुख-शांति की कामना
रांची, 04 मार्च (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने संदेश में कहा कि होली आनंद, उल्लास और भाईचारे का प्रतीक है। यह रंगोत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करे, यही उनकी मंगलकामना है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, आपसी सौहार्द्र और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होली हमें खुशियां बांटने, रिश्तों को मजबूत करने और समाज में एकता बनाए रखने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह शुभ दिन सभी के जीवन में खुशहाली, नई उम्मीद और ऊर्जा लेकर आए।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा समाज में भाईचारे की भावना को और सुदृढ़ करे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे