रामगढ़ को नहीं मिला मेडिकल कॉलेज : अनमोल

 




रामगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का चुनावी वादा रामगढ़वासियों के लिए सिर्फ छलावा था। उन्होंने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा चुनाव में किया था। लेकिन जब कैबिनेट का फैसला हुआ तो रामगढ़ को किनारे कर दिया गया। यह आरोप रामगढ़ के सांसद प्रतिनिधि सरदार अनमोल सिंह ने लगाया है।

उन्होंने शुक्रवार को प्रेस बयान जारी कर बताया कि राज्य सरकार की हालिया कैबिनेट बैठक में कई जिलों में पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के महत्वपूर्ण फैसले लिया गया। लेकिन इस सूची में रामगढ़ जिला एक बार फिर शामिल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यह फैसला रामगढ़ के लोगों और जनप्रतिनिधियों के लिए निराशाजनक माना जा रहा है। खासकर तब जब सरकार ने वर्ष 2024 के चुनाव के दौरान प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था।

उन्होंने बताया कि रामगढ़ जिला भौगोलिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह राज्य की राजधानी रांची से सटा हुआ जिला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक जिला भी यहीं है। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री जोगेंद्र महतो का निवास भी इसी जिले में है। साथ ही यहां कांग्रेस के विधायक का भी प्रतिनिधित्व है। इतनी राजनीतिक मौजूदगी के बावजूद, मेडिकल कॉलेज जैसे अहम मुद्दे पर जिले को नजरअंदाज किया जाना कई सवाल खड़े करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश