मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दुर्गा पूजा पंडालों के भ्रमण और महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण

 




रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को रांची जिला दुर्गा पूजा समिति और रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी और मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर आगामी शारदीय नवरात्रि के दौरान सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण और महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार कर लिया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए पूजा समितियों से इको-फ्रेंडली तरीके से मूर्ति विसर्जन करने की अपील की, ताकि जलाशयों को प्रदूषण से बचाया जा सके। उन्होंने पूजा पंडालों में 'नशामुक्त झारखंड' का संदेश देने वाले होर्डिंग-बैनर लगाने और अनाउंसमेंट के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने का भी सुझाव दिया। समिति के सदस्यों ने इसमें पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के सकारात्मक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। सदस्यों ने कहा कि समय से पहले आयोजित बैठकों के कारण पूजा से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद रांची के उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे