झारखंड के कई जिलों में छाये बादल, तापमान में होगी गिरावट

 


रांची, 20 जनवरी (हि.स.)। झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को आंशिक बादल छाया रहा। बादल हटने के बाद फिर से राज्य भर ठंड में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी।

विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान उत्तर-पूर्वी राजस्थाान और इसके आसपास के इलाके एवं उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा इसके आसपास के इलाकों में सक्रिय है।

इसके बाद एक अति तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के देश के उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में बनने की संभावना है। इसके प्रभाव के कारण ही झारखंड सहित अन्य राज्यों में मौसम में परिवर्तन आनेवाले दिनों में देखने को मिलेगा।

इधर, मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आसमान में आंशिक बादल छाये रहे। इससे दिन में हल्कीं गर्मी का एहसास हुआ।

हालांकि दोपहर में मध्यम दर्जे की हवा चलने से सिहरन महसूस की गई। मौसम विभाग ने बुधवार को मौसम साफ होने की संभावना व्‍यक्‍त की है। इसके बाद तापमान में एकाध डिग्री की गिरावट हो सकती सकती है।

वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 32 डिग्री और सबसे कम तापमान खूंटी में 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, जमशेदपुर में 30.5 और 11.9 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.2 और न्यूनतम 11.1 डिग्री, चाईबासा में 31.2 डिग्री और 11 डिग्री, खूंटी में 28.6 और 8.6 डिग्री, लोहरदगा में 26.5 और 9.2 डिग्री, लातेहार में 23.5 और 13.8 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak