झारखंड में मौसम साफ, बढ़ी उमस और गर्मी, 30 जुलाई तक गर्जन व वज्रपात का येलो अलर्ट

 




रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार से मौसम साफ बना हुआ है। बादलों के छंटने और तेज धूप निकलने से तापमान के साथ-साथ उमस में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 93 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई, जिससे लोगों को दिनभर चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 30 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह समाप्त नहीं होंगी। राज्य के अलग-अलग जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में नहीं रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण नहीं लेने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। किसानों और खुले क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 23 मिलीमीटर वर्षा सिमडेगा जिले में दर्ज की गई। वहीं तापमान के लिहाज से डाल्टेनगंज सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। इससे स्पष्ट है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग-अलग बनी हुई है।

रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। बादलों की अनुपस्थिति के कारण दिनभर गर्मी का असर महसूस किया गया, जबकि वातावरण में नमी अधिक होने से उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम साफ रहने के कारण दैनिक गतिविधियां सामान्य रहीं।

राज्य के प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डाल्टेनगंज में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है। धूप और उमस के बीच अचानक बादल छाने, तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान और चेतावनियों पर लगातार नजर रखने तथा वज्रपात के दौरान सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak