मानसून पूर्व नदी नालियों की सफाई के लिए उठाएं जरूरी कदम : सुशांत

 


रांची, 03 जून (हि.स.)। आगामी मॉनसून को देखते हुए रांची नगर निगम ने जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में शहर के संवेदनशील और जल जमाव प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश आने से पूर्व तकनीकी समिति सभी चिन्हित क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर जल निकासी, नालियों की स्थिति और आउटलेट की क्षमता का मूल्यांकन करें। बरसात से पहले आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना बेहद जरूरी है। विशेष रणनीति के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि शहर में नालियों और नालों की सफाई के साथ जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वार्ड संख्या-1 के जगतपुरम कॉलोनी और टिंबर लेन, वार्ड 20-21 के सेवा सदन क्षेत्र, वार्ड 23 के एराम मस्जिद क्षेत्र, वार्ड 24 में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं गुरु नानक स्कूल के आसपास, वार्ड 25 के साकेत बिहार, वार्ड 42 के कटहल कोचा सहित कई संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयपाल सिंह स्टेडियम, जगन्नाथपुर तालाब, नर्सरी तालाब, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस सहित विभिन्न वार्डों में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar