सिविल सर्जन ने किया रक्तदान, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
रामगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)।
सिविल सर्जन कार्यालय के प्रांगण में गुरुवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सबसे पहले स्वयं सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार रक्तदान के लिए आगे आए। उनके इस कदम से प्रेरित होकर कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है, ताकि अधिक से अधिक स्वस्थ लोग रक्तदान के लिए आगे आएं।
शिविर में क्षेत्रीय समन्वयक आईईसी सुनील कुमार मधुकर, स्टोर इंचार्ज आशीष कुमार सिन्हा, डीडीएम सुकांत पांडेय, संदीप कुमार एवं लिपिक अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान को लेकर फैले अनावश्यक भ्रम से दूर रहें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। दुर्घटनाओं, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के दौरान रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में उपलब्ध रक्त किसी मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
शिविर में सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने रक्तदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के मानवीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने के लिए इस तरह के जागरूकता प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश