रांची सिटीजन फोरम ने 13 वार्ड पार्षदों को सौंपा ज्ञापन, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग

 


रांची, 23 जून (हि.स.)। रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में ‘वार्ड पार्षद मुलाकात कार्यक्रम’ के तहत 13 वार्ड पार्षदों से मुलाकात कर उन्हें निर्वाचन के लिए बधाई दी। इस दौरान फोरम की ओर से विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।

मुलाकात के दौरान दीपेश निराला ने बताया कि फोरम अब तक शहर के 38 वार्ड पार्षदों से संवाद स्थापित कर चुका है। जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क कर क्षेत्रीय समस्याओं को चिन्हित किया जा रहा है, ताकि उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जा सके।

फोरम के अनुसार, वार्ड पार्षदों ने बातचीत के दौरान बताया कि फंड की कमी का हवाला देकर कई विकास कार्यों को रोक दिया गया है। इसके कारण वार्डों में विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है और आम जनता को अपेक्षित सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

पार्षदों ने यह भी बताया कि नगर निकाय चुनाव संपन्न हुए तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक केवल एक बोर्ड बैठक ही आयोजित की गई है। पहली बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड में पांच चापाकलों की बोरिंग और 50 स्ट्रीट लाइट लगाने की अनुशंसा की गई थी, किंतु अभी तक इन प्रस्तावों पर अमल नहीं हो सका है।

रांची सिटीजन फोरम ने ज्ञापन के माध्यम से शहर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। इनमें जल जमाव, अनियमित सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठाव में लापरवाही, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या, पेयजल संकट तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

फोरम ने वार्ड पार्षदों से इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में फोरम के उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सचिव रेणुका तिवारी, संयुक्त सचिव संतोष मृदुला सहित अन्य सदस्य भी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar