रायपुर बैडमिंटन लीग में रांची के सीए चंदन कुमार और सुरेंद्र विश्वकर्मा की जोड़ी बनी चैंपियन
रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की मध्य भारतीय क्षेत्रीय परिषद की ओर से रायपुर में आयोजित बैडमिंटन लीग में रांची के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) चंदन कुमार और सीए सुरेंद्र विश्वकर्मा की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 प्लस आयु वर्ग की युगल स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्रीय परिषद की 62 शाखाओं में से अधिकांश के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आपसी सहयोग और क्षेत्रीय एकता को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में रांची से सीए मनीषा बियानी, सीए चंदन कुमार, सीए सुरेंद्र विश्वकर्मा, सीए विवेक जैन, सीए कन्हैया मोदी, सीए पीयूष बंसल और सीए अनिकेत अग्रवाल ने भाग लेकर रांची शाखा का प्रतिनिधित्व किया।
विजेता जोड़ी को रायपुर शाखा की अध्यक्ष सीए रश्मि वर्मा, सचिव सीए ऋषिकेश यादव और कोषाध्यक्ष सीए शीतल कालरा ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने विजेता जोड़ी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे रांची के सीए परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खेलकूद से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ मानसिक ऊर्जा भी मिलती है। ऐसे आयोजन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों के उत्साह और समर्पण की सराहना की।
शाखा के सचिव सीए दिलीप कुमार ने भी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पेशेवर जीवन के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभा को निखारने और आपसी सहयोग बढ़ाने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि रांची शाखा भविष्य में भी अपने सदस्यों को खेल सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करती रहेगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak