जेपीएससी सहित कई भर्ती परीक्षाओं की जांच में सीआईडी की कार्रवाई, 18 ठिकानों पर छापेमारी, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त
रांची, 03 अगस्त (हि.स. )। अपराध अनुसंधान विभाग(सीआईडी) ने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के क्रम में सोमवार को रांची, बोकारो, पलामू, धनबाद और देवघर सहित राज्य के कई जिलों में एक साथ 18 ठिकानों पर छापेमारी की।
सीआईडी मुख्यालय की ओर से बताया गया कि छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के पासबुक व चेकबुक, ओएमआर शीट की प्रतियां और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। बताया गया कि जांच के दौरान ऐसे तथ्य सामने आए हैं कि कुछ अभ्यर्थी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सफल हुए थे। इनमें 2018 की दारोगा सीधी नियुक्ति परीक्षा, 2013 की सचिवालय सहायक परीक्षा, 2014 की सहायक जेल अधीक्षक परीक्षा, आईआरबी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, 2018 की कंप्यूटर ऑपरेटर परीक्षा, एनसीएल भर्ती परीक्षा, जेपीएससी की पीटी व सीजे परीक्षा तथा एसीएफ , एफआरओ , एफएसओ एवं 11वीं-13वीं संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा शामिल हैं।
सीआईडी ने संबंधित भर्ती एवं परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं से अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र, उत्तरपुस्तिकाएं, मूल्यांकन एवं चयन प्रक्रिया से जुड़े अभिलेख उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे