जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी ने चयनित अभ्यर्थी सुमन सौरभ को किया गिरफ्तार
रांची, 30 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएसी) की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही झारखड़ सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारीबाग से चयनित अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार किया है।
झारखंड सीआईडी की टीम ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2025 (विज्ञापन संख्या-01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा में चयनित एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी हजारीबाग पुलिस की सहायता से की गई है।
सीआईडी से मिली जानकारी के अनुसार जेपीएससी परीक्षा अनियमितता से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई है। जांच में यह सामने आया कि अभ्यर्थी ने कथित तौर पर अनुचित तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण किया था, गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि सुमन सौरभ ने कथित रूप से अनुचित तरीका अपनाकर प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसी आधार पर सीआईडी ने उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपने अपराध को स्वीकार भी कर लिया है। हालांकि सीआईडी ने साफ किया है कि आरोपित के पास से ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद अन्य उपलब्ध साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। सीआईडी अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी का पूरा तंत्र कैसे काम कर रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे