हजारीबाग कोषागार से अवैध निकासी मामले में सीआईडी ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार

 




रांची, 04 मई (हि.स.)। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने हजारीबाग कोषागार से अवैध राशि निकासी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से सोमवार को की गई। अनुसंधान के क्रम में टीम की ओर से मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त सौरभ कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। वह बिहार के रोहतास जिले के काराकाट का रहने वाला है।

इसके पास से बरामद एसबीआई खाता संख्या-33894930737 में पूर्व के अनुसंधानकर्ता की ओर से 01 करोड 50 लाख रूपये का फिक्स डिपॉजिट और 18 लाख 86 हजार 467 रूपये को फ्रिज किया गया है। गिरफ्तारी के कम में होण्डा बाइक, मोबाईल, एसबीआई का पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड जब्त किया गया है।

मामले में पूर्व में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें शम्भू कुमार, काजल कुमारी, रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, खुशबू सिंह, धीरेन्द्र सिंह शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे