जेपीएससी कार्यालय में सीआईडी और पुलिस की छापेमारी, पूछताछ जारी

 


रांची, 21 जुलाई( हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय में मंगलवार को सीआईडी और रांची पुलिस की टीम ने अचानक छापेमारी की। पुलिस ने पूरे जेपीएससी कार्यालय को घेर लिया और परिसर के अंदर कार्रवाई की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जेपीएससी कार्यालय में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जांच टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

जेपीएससी की असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता सहित अन्य लोगों से सीआईडी पूछताछ कर रही है। एडीजी मनोज काैशिक ने बताया कि सरकार के निर्देश पर अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर छापेमारी की गयी है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।

वहीं, दूसरी ओर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय में छापेमारी के बाद सीआईडी और रांची पुलिस की कार्रवाई परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी तक पहुंच गई है। सीआईडी की टीम ने जेपीएससी की परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है।

कार्रवाई के दौरान एजेंसी से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही जांच टीम ने एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया है। छापेमारी के दौरान टीम ने पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डायरी सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात बरामद किए हैं। बरामद सामान को जांच टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे