वित्त मंत्री से मिलीं वार्ड 14 की पार्षद, चुटिया के समग्र विकास की उठाई मांग

 


रांची, 21 जुलाई (हि.स.)।

वार्ड संख्या 14 की पार्षद अंजू देवी ने मंगलवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से शिष्टाचार मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न विकास योजनाओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चुटिया क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की मांग उठाई।

मुलाकात के दौरान पार्षद ने पीसीसी सड़क निर्माण, ढके हुए नालों का निर्माण, पुल निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि कभी छोटानागपुर की राजधानी रहे चुटिया क्षेत्र का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है, इसलिए इसके अनुरूप योजनाबद्ध विकास आवश्यक है।

मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वार्ड संख्या 14 और ऐतिहासिक चुटिया क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों के क्रियान्वयन के लिए सरकार सकारात्मक पहल करेगी।

पार्षद अंजू देवी ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुटिया के ऐतिहासिक गौरव को पुनर्स्थापित करने और क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar