कलकत्ता पब्लिक स्कूल के समर कैंप में झूमे बच्चे, खूब उठाया आनंद

 


रांची, 23 मई (हि.स.)। ओरमांझी स्थित कलकत्ता पब्लिक स्कूल में विगत 18 मई से 23 मई शनिवार तक नर्सरी से नौवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित छह दिवसीय समर कैंप का अंतिम दिन रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। इस दौरान बच्चों ने जमकर मस्ती की। झूमें गाए और कैंप का खूब आनंद उठाया।

विद्यालय प्रबंधन की आरे से स्कूल के मिथलेश मिश्रा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए प्रतिदिन अलग-अलग थीम आधारित रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैंप के पहले दिन बच्चों को कला एवं हस्तशिल्प, नृत्य और कैंडल निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया था। दूसरे दिन फायरलेस कुकिंग, बॉटल पेंटिंग, डिजाइनिंग और रबर बैंड मेकिंग जैसी गतिविधियां कराई गईं। तीसरे दिन एरोबिक्स, बैग पेंटिंग और ज्वेलरी मेकिंग के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया गया। चौथे दिन टी-शर्ट पेंटिंग, कार्टून चरित्र निर्माण और फैशन शो का आयोजन हुआ, जिसमें रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। पांचवें दिन योग प्रशिक्षण और मैजिक शो ने बच्चों को खूब रोमांचित किया। आज अंतिम दिन रेन डांस के साथ समर कैंप का रंगारंग समापन हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से आयोजित समर कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar