डोरंडा के कृत्रिम तालाब पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न

 




रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। रांची महानगर छठ पूजा समिति के तत्वावधान में डोरंडा स्थित कृत्रिम तालाब पर सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ। सुबह की पहली किरण के साथ ही तालाब परिसर में व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मइया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उषा अर्घ्य जीवन में नई शुरुआत और अंधकार के बाद प्रकाश का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि डोरंडा का कृत्रिम तालाब उन व्रतियों के लिए बेहतर विकल्प है, जिन्हें नदी या प्राकृतिक तालाब तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

आलोक दूबे ने पर्व-त्योहारों के दौरान राज्य में सौहार्दपूर्ण माहौल और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड ने धार्मिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की है।

समिति के संरक्षक कपिलदेव सिंह ने छठ को सांस्कृतिक जीवन की आत्मा बताया। वहीं, छप्पन सेट छठ पूजा समिति के अध्यक्ष गोपी दूबे ने कहा कि श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी और अनुशासित व्यवस्था आयोजन की सफलता का आधार रही। एचईसी सेक्टर-1 मार्केट, धुर्वा स्थित कृत्रिम तालाब के अध्यक्ष संजीत यादव ने भी प्रकृति के प्रति समर्पण और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

मौके पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar