चेकडेम में डूबे दो स्कूली छात्र, दोस्त को बचाने गया किशोर भी लापता
दुमका, 06 सितंबर (हि.स.)। जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के हथगढ़ स्थित धोबई नदी चेकडेम में रविवार को नहाने के दौरान दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। एक छात्र के डूबने पर उसे बचाने के लिए पानी में कूदे उसके दोस्त की भी जान चली गई।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए गए मृतकों की पहचान रमन मंडल (१६) और उमेश कुमार (१६) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र अपने कुछ दोस्तों के साथ हथगढ़ स्थित चेकडेम नहाने गए थे। इसी दौरान उमेश कुमार सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से पानी में उतरा और वे पानी के तेज बाहव मे डूबने लगा। काफी देर तक उमेश के बाहर नहीं आने पर उसका मित्र रमन मंडल उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। हालांकि बचाने के प्रयास में वह भी गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों छात्र पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू और थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों की मदद से दोनों छात्रों की तलाश शुरू की गई।करीब चार घंटे तक चले खोज अभियान के बाद दोनों छात्रों के शव चेकडेम से बाहर निकाले गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बच्चों का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार