मिलावटी और एनालॉग पनीर के खिलाफ चला सघन जांच अभियान
देवघर, 22 सितंबर (हि.स.)। पर्व-त्योहार को देखते हुए मिलावटी एवं एनालॉग (सिंथेटिक/नकली) पनीर की बिक्री पर रोक लगाने के लिए देवघर जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में जसीडीह, बरमसिया, कुंडा, कॉस्टर टाउन और सुभाष चंद्र रोड स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान पनीर के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजे गए।
सुभाष चंद्र रोड स्थित वीयोरी इन, जसीडीह के सुख सागर और बरमसिया स्थित संजू मिष्ठान भंडार से पनीर के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि वे केवल वैध लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से ही पनीर की खरीद कर बिक्री करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध स्रोत से प्राप्त पनीर या मिलावटी पनीर पाए जाने पर उसे जब्त कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों का पालन सुनिश्चित करने एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy