मंडलकारा में बंदी की मौत के बाद परिजनों ने किया सड़क जाम
चतरा, 17 अगस्त (हि.स.)। मंडलकारा चतरा में बंदी की मौत के बाद सोमवार को मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस चौक को जाम कर दिया। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि मंडल कारा में बंद टीएसपीसी उग्रवादी मंटू गंझू की शनिवार की देर रात मौत हो गई थी। मंटू पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केवाल गांव का रहने वाला था। जेल प्रशासन के अनुसार उसने फंदे से लटक कर खुदकुशी का प्रयास किया था, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जेल में मंटू को प्रताड़ित किया जाता था और इसी प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हुई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जाम के कारण पोस्ट ऑफिस चौक के आसपास आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में सड़क जाम कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और जाम हटाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी