आदिवासियों की जमीन पर कब्जे को लेकर चंपाई और शिल्पी तिर्की में नोक -झोंक
रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को एसआईआर पर विशेष चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के बीच आदिवासियों की जमीन, घुसपैठ और मतदाता सूची में फर्जी नामों को लेकर तीखे आरोप-प्रत्यारोप हुए। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने से सदन का माहौल गरमा गया।
दरअसल चंपाई सोरेन ने एसआईआर प्रक्रिया का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि आदिवासियों की जमीन सुरक्षित रहनी चाहिए, फर्जी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटने चाहिए और घुसपैठियों को बाहर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के कारण आदिवासियों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
चंपाई सोरेन के आरोपों पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों के नाम पर आदिवासियों के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करना भाजपा की पुरानी फितरत रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों के हितों और अधिकारों को लेकर हमेशा संवेदनशील रही है।
इसके बाद चंपई सोरेन और शिल्पी नेहा तिर्की के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। एसआईआर पर शुरू हुई चर्चा देखते ही देखते आदिवासी अस्मिता, जमीन और राजनीतिक जवाबदेही के मुद्दे पर केंद्रित हो गई।
चंपाई सोरेन ने सवाल उठाया कि संथाल परगना में एसपीटी एक्ट और छोटानागपुर क्षेत्र में सीएनटी एक्ट लागू होने के बावजूद आदिवासियों की जमीन के पते पर दूसरे लोगों के मतदाता पहचान पत्र कैसे बनाए जा रहे हैं। इस बीच इरफान अंसारी सहित अन्य ने शिल्पी नेहा तिर्की का साथ दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar