व्यापारी से साइबर ठगी के मामले में चेंबर अध्यक्ष ने दिया डीजीपी से बात करने का आश्वासन
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की सातवीं बैठक मंगलवार को चेंबर भवन में हुई।
बैठक की अध्यक्षता चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने की। उन्होंने 26 मार्च से 06 अप्रैल तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होनेवाले इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
वहीं चेंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने इस आयोजन को भव्य बनाने में सहयोग के लिए राज्यो सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि शहरवासियों की मांग पर चेंबर लगातार इस फेयर का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष इसे और भी भव्य रूप दिया जायेगा।
साहेबगंज में हाल ही में एक व्यापारी के साथ हुई साइबर ठगी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए चेंबर अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि वे जल्द ही डीजीपी से मिलकर इस विषय को उनके संज्ञान में लाएंगे।
राज्य में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर चेंबर देगा सुझाव
वहीं राज्य में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के सुझाव पर चेंबर अध्यक्ष ने बताया कि आगामी माह रेल मंत्री से मिलकर चेंबर सुझाव पेश करेगा। भूमि सुधार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए सदस्यों ने कहा गया कि गैर-मजरूआ भूमि संबंधी व्यवस्था बहाल करने के उच्च न्यायालय के आदेश का अब तक अनुपालन नहीं हुआ है।
राज्य में औद्योगिकीकरण को गति देने के लिए सरकार से यह मांग की गई कि जब तक नई औद्योगिक नीति अधिसूचित नहीं हो जाती, तब तक मौजूदा नीति को उसके वर्तमान स्वरूप में ही आगे बढाया जाय। इससे चल रही परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा से बचने में मदद मिलेगी।
झारखंड में सोलर पावर को बढ़ावा देने का दिया सुझाव
इधर, नगर निगम की ओर से हाल के दिनों में कुछ कॉमर्शियल अपार्टमेंट्स को एसेसमेंट के नाम पर चिन्हित कर कथित रूप से किए जा रहे भयादोहन के मुद्दे को कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल ने उठाया। इस पर महासचिव रोहित अग्रवाल ने महापौर के संज्ञान में इस विषय को लाने की बात कही। यह भी कहा कि नगर निगम बोर्ड में फेडरेशन चेंबर के दो प्रतिनिधियों का मनोनयन सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास किया जाएगा। कार्यकारिणी सदस्य विकास विजयवर्गीय ने बिहार की तर्ज पर झारखंड में सोलर पावर को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। यह कहा कि यदि नेट मीटरिंग की प्रक्रिया को सरल बनाया जाय तो इस क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak