मिक्स्ड यूज की मांग पर चेंबर ने हाउसिंग बोर्ड के एमडी से की मुलाकात
रांची, 27 मई (हि.स.)। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल ने हरमू, बरियातू और अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी में आवासीय सह व्यावसायिक उपयोग की अनुमति देने की मांग को लेकर मंगलवार को झारखंड राज्य हाउसिंग बोर्ड के प्रबंध निदेशक सूरज कुमार से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने हालिया व्यवसायिक उपयोग प्रतिबंध के फैसले पर व्यापारियों की चिंता से अवगत कराया। हरमू, बरियातू और अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी में मिक्स्ड यूज की अनुमति देने की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने हाउसिंग बोर्ड प्रबंध निदेशक से वार्ता की। इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इन क्षेत्रों में वर्षों से छोटे और मध्यम स्तर के व्यवसाय संचालित हो रहे हैं, जिनसे हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि रांची नगर के मास्टर प्लान में भी इन क्षेत्रों की मुख्य सड़कों को मिक्स्ड यूज के रूप में चिह्नित किया गया है, इसलिए नियंत्रित तरीके से व्यवसायिक गतिविधियों की अनुमति दी जानी चाहिए। चेंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि वर्तमान में ये इलाके पूरी तरह आवासीय नहीं रह गए हैं, बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों और यातायात के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। ऐसे में व्यावहारिक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने राज्य में अर्बन हाट की स्थापना की मांग उठाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण उत्पादों और हस्तशिल्प को बाजार मिलेगा और स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव रोहित पोद्दार और सदस्य अरुण भरतिया शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar