झारखंड चेंबर ट्रांसपोर्ट नगर जल्द शुरू करने को लेकर मिलेगा परिवहन मंत्री से
रांची, 13 नवंबर (हि.स.)।
ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन में हो रही देरी और बस परमिट से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को रांची स्थित चेंबर भवन में पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर को अविलंब शुरू करने, बस परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल बनाने और व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच में राहत देने की मांग की गई।
इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर की परिकल्पना तभी सफल होगी, जब इसका संचालन परिवहन व्यवसायियों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप हो।
उन्होंने नगर विकास विभाग के सचिव से वर्तमान निर्माण की स्थिति में ही परिसर ट्रांसपोर्टरों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया। साथ ही भारी वाहनों की पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग और वेयरहाउसिंग के लिए आवश्यक संशोधनों की अनुमति देने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय ने राज्य सरकार से संबंधित विभागों और हितधारकों की बैठक बुलाकर ट्रांसपोर्ट नगर की सुपुर्दगी और संचालन जल्द सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे शहर में यातायात का दबाव घटेगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
तुलसी पटेल ने कहा कि छठ पूजा के बाद प्रतिनिधिमंडल परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा से मिलकर इन समस्याओं के समाधान की मांग करेगा। बैठक में बस परमिट नवीनीकरण, नई उच्चतर मॉडल की बसों के प्रतिस्थापन और राज्य में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों को किसी भी जिले में फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने की सुविधा देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में महासचिव रोहित अग्रवाल, प्रवक्ता विनीता सिंघानिया सहित
चेंबर के कई सदस्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar