चाईबासा नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशी ने की पुनर्मतगणना की मांग
पश्चिमी सिंहभूम, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के चाईबासा नगर निकाय चुनाव परिणाम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रहे रमेश खिरवाल ने मतगणना प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा सभी मतों की पुनर्गणना कराए जाने की मांग की है।
रमेश खिरवाल ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि 27 फरवरी को हुई मतगणना के दौरान कई स्तरों पर पारदर्शिता का अभाव देखा गया। उनका आरोप है कि मतगणना कर्मी और एवं उपस्थित पदाधिकारियों की कार्यशैली पक्षपातपूर्ण प्रतीत हुई और वे एक विशेष प्रत्याशी नितिन प्रकाश के आसपास ही सक्रिय रहे। उन्होंने यह भी कहा कि मतगणना स्थल का सीसीटीवी फुटेज इसकी पुष्टि कर सकता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रद्द घोषित किए गए मतपत्रों की प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी नहीं रही और सभी प्रत्याशियों को उन मतपत्रों को समुचित रूप से दिखाया नहीं गया। खिरवाल के अनुसार उनके मतगणना एजेंटों को पूरी प्रक्रिया के दौरान स्वतंत्र रूप से निरीक्षण करने नहीं दिया गया, जबकि एक पक्ष विशेष के लोगों की उपस्थिति मतगणना टेबल के आसपास बनी रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिषद के अधिकृत पदाधिकारियों के अतिरिक्त अन्य अनधिकृत कर्मी भी मतगणना टेबल के समीप घूमते पाए गए।
खिरवाल का कहना है कि अंतिम चरण की मतगणना के दौरान उनके पक्ष में मतों की बढ़त दिखाई दे रही थी, लेकिन अंतिम परिणाम में जोड़-घटाव में गड़बड़ी कर उन्हें पराजित घोषित कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि एसडीओ और अन्य पदाधिकारियों की मिलीभगत से वास्तविक आंकड़ों में परिवर्तन कर नितिन प्रकाश को 504 मतों से विजयी घोषित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम समय में उन्हें अपने काउंटिंग एजेंट से मिलने तक नहीं दिया गया।
रमेश खिरवाल ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य निर्वाचन कार्यालय, रांची और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम को भी प्रेषित की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक