चाईबासा नगर परिषद् व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध : नितिन
रांची, 02 मार्च (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से सोमवार को चेंबर भवन में चाईबासा नगर परिषद् के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर चाईबासा में व्यापारिक विकास, आधारभूत संरचना की मजबूती, स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग समस्या, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। मौके पर झारखंड चेंबर के पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को उनके निर्वाचन पर बधाई देते हुए आशा व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में चाईबासा नगर परिषद् व्यापारी और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी। चाईबासा नगर परिषद् के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने आश्वस्त किया कि नगर परिषद् व्यापारिक हितों की रक्षा और शहर के समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद् और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चाईबासा को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों को जहां भी आवश्यकता होगी, वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्पर रहेंगे।
वहीं चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि चाईबासा नगर परिषद् के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड चेंबर हमेशा विकासात्मक कार्यों में सहयोगी की भूमिका निभाएगा। चेंबर के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान कोल्हान प्रमंडल के तत्कालीन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नितिन प्रकाश की ओर से किये गए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से नगर परिषद् के कार्यों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर चेंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak