रांची में 2-3 सितंबर को मतदाता पंजीकरण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का होगा आयोजन

 




रांची, 2 मार्च (एचएस)। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने घोषणा की है कि मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची विषय पर 2 और 3 सितंबर को रांची में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय और झारखंड के मुख्य निर्वाचन कार्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को निर्वाचन सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने सम्मेलन की आधिकारिक वेबसाइट www.icvrvr.org और ब्रोशर का शुभारंभ भी किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आईआईएम रांची, एनयूएसआरएल रांची और सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ज्ञान साझेदार के रूप में शामिल होंगे। ये संस्थान मिलकर शैक्षणिक और शोध सहयोग प्रदान करेंगे।

के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न लोकतांत्रिक देशों, देश के विश्वविद्यालयों, शिक्षाविदों और चुनाव प्रबंधन विशेषज्ञों के विचारों को एकत्रित कर मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची से संबंधित विषयों पर एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 21 से 23 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित आईआईसीडीईएम अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन सम्मेलन 2026 के दौरान झारखंड राज्य की ओर से मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची विषय पर प्रस्तुत व्याख्यान को अन्य देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधियों ने सराहा था।

प्रेस वार्ता में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुबोध कुमार, प्रशिक्षण नोडल अधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन अधिकारी धीरज ठाकुर, आईआईएम रांची के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुभ्रा रजत बलबंतरे, एनयूएसआरएल रांची के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आनंदकुमार आर. शिंदे, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बी.के. सिन्हा तथा सेंट जेवियर्स कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशुतोष कुमार पांडे उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे