शहर को स्वच्छ बनाने खुद मैदान में उतरे सीईओ, लाेगाें से की सफाई की अपील
रामगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम को लेकर छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह खुद सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने शहर के थाना चौक क्षेत्र में अभियान चलाकर व्यवसायियों, दुकानदारों और आम लोगों से सड़क पर कूड़ा-कचरा नहीं डालने और निर्धारित कूड़ेदान में ही कचरा डालने की अपील की।
सीईओ विवेक सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न दुकानदारों और व्यवसायियों से बातचीत कर स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल छावनी परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को सड़क पर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें।
अभियान के दौरान सीईओ ने आम लोगों से भी संवाद किया और उन्हें कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
स्वच्छता अभियान के दौरान सीईओ को स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर जागरूक करते देख स्थानीय लोगों ने उनके प्रयास की सराहना की। लोगों ने कहा कि अधिकारी यदि इसी तरह सीधे जनता के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाएं तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश