खान एवं खनिज विधेयक राज्यों के अधिकारों पर केंद्र का हमला : माकपा
-झारखंड विधानसभा से पारित विरोध संकल्प का समर्थन, विधेयक के खिलाफ आंदोलन तेज करने की अपील
रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) माकपा ने खान एवं खनिज विधेयक को राज्यों के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों पर केंद्र सरकार का हमला करार दिया है। पार्टी ने झारखंड विधानसभा से इस विधेयक के विरोध में पारित संकल्प का समर्थन करते हुए इसे राज्य के हितों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
माकपा ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह विधेयक देश के संघीय ढांचे और राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने वाला है। पार्टी ने राज्य के सभी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष दलों से एकजुट होकर केंद्र सरकार के इस विधेयक के खिलाफ आंदोलन जारी रखने और सड़कों पर उतरने की अपील की है।
माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि पार्टी संसद में बिना पर्याप्त चर्चा के विधेयक पारित कराने की कोशिश का पहले ही कड़ा विरोध कर चुकी है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के कानून बनने से झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने आशंका जताई कि खनिजों से मिलने वाले अतिरिक्त राजस्व से राज्य वंचित हो सकते हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधनों का संकट पैदा होगा। उन्होंने विधेयक को राज्यों के आर्थिक हितों और संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए इसके विरोध में व्यापक एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar