रांची को मिली दो नई सड़क परियोजनाओं की सौगात, रामपुर चौक पर ओवरब्रिज और इरबा में बनेगी भूमिगत टनल

 


रांची, 02 जनवरी (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर केंद्र सरकार ने रांची को दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने इन दोनों परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी है और इनके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रांची और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

स्वीकृत परियोजनाओं के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-33 पर रामपुर चौक के समीप ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जमशेदपुर–हजारीबाग मार्ग पर विकासपुर चौक (इरबा) के पास भूमिगत टनल बनाई जाएगी। इन दोनों ही स्थानों पर प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है, जिसके कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।

इस गंभीर समस्या को लेकर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बीते कई महीनों से लगातार प्रयासरत थे, ताकि इन व्यस्त चौराहों पर यातायात को सुगम बनाया जा सके। उनके प्रयासों को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मूर्त रूप दिया, जिसके परिणामस्वरूप इन दोनों परियोजनाओं को मंजूरी मिल सकी।

संजय सेठ ने शुक्रवार को इस बारे में बताया कि रामपुर चौक और इरबा क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। साथ ही हजारीबाग और जमशेदपुर जाने वाले वाहन चालकों को रास्ते को लेकर भी अक्सर भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती थी। ओवरब्रिज और भूमिगत टनल के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं रांची के विकास और आम लोगों की सुविधा के लिहाज से मील का पत्थर साबित होंगी।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे