जनगणना 2027 का कार्य ०१ मई से होगा शुरू : डीसी
लोहरदगा, 30 अप्रैल (हि.स.)। देश में जनगणना-2027 को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि जनगणना अपनी समृद्ध परंपरा के कारण विश्व की सर्वश्रेष्ठ जनगणनाओं में से एक मानी जाती है और यह विश्व के बड़े प्रशासनिक कार्यों में शामिल है। जनगणना के आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिए आधार बनते हैं।
यह जानकारी डीसी ने गुरुवार काे अपने कायार्लय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि जनगणना का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (हाउस-लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस) (2026) का कार्य किया जाएगा। इसमें स्व-गणना की अवधि 01 मई से 15 मई 2026 तक होगी। इसमें कोई भी व्यक्ति अपने मकान सूचीकरण से संबंधित व्योरा अंकित कर सकता है।
वहीं प्रगणक की ओर से 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक यह कार्य किया जाएगा।
वहीं द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना (पॉपुलेशन इन्यूमरेशन) का कार्य चलेगा। यह 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। लोहरदगा जिला अंतर्गत कुल 08 चार्ज है, जिसमें 07 ग्रामीण और 01 नगरीय इकाई है। ग्रामीण क्षेत्र के कुल 353 राजस्व ग्राम में 785 प्रगणक ब्लॉक बनाये गए हैं, जबकि नगरीय क्षेत्र में कुल 23 वार्ड अंतर्गत कुल 881 प्रगणक ब्लॉक के रूप में चिन्हित किये गए हैं। उन्होंने बताया कि 01 मई से 15 मई 2026 तक सेल्फ इन्यूमरेशन का कार्य शुरू किया जाना है, जिसमें कोई व्यक्ति जनगणना से जुडे वेबसाइट पर जनगणना से जुड़े 33 प्रश्नों में से अधिकांश के उत्तर फीड कर सकता है।
वहीं एक्चुअल हाउसलिस्टिंग (16 मई से 14 जून 2026) के समय प्रगणक डोर तो डोर जाने के क्रम में जानकारी लेंगे, जिसका प्रगणक से सत्यापन करने के बाद डाटा को सिंक किया जायेगा। इससे समय की बचत होगी और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित होगी एवं प्रगणकों का कार्य भी सरल होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर