जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, रांची में 70 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू
रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ)’ के सफल संचालन के लिए रांची जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार से 70 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया।
समाहरणालय के बी-ब्लॉक स्थित कक्ष संख्या 505 में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने की। प्रशिक्षण में जिला के मास्टर ट्रेनर्स एवं जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की टीम द्वारा प्रतिभागियों को सीएमएमएस पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए फील्ड ट्रेनर्स को 35-35 के दो बैचों में विभाजित किया गया है। पहले बैच का प्रशिक्षण 9, 10 और 11 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें नगड़ी, मांडर, राहे, सोनाहातु, कांके, बुण्डू, बेड़ों, तमाड़, बुढमू और लपुंग प्रखंडों के प्रतिभागी शामिल हैं।
वहीं दूसरे बैच का प्रशिक्षण 13, 15 और 16 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसमें चान्हो, सिल्ली, रातु, खलारी, ओरमांझी, नामकुम, इटकी, अनगड़ा तथा नगर पंचायत बुण्डू के ट्रेनर्स भाग लेंगे। दोनों बैचों के पहले दिन संबंधित चार्ज पदाधिकारी भी प्रशिक्षण में शामिल रहेंगे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने इस मौके पर कहा कि जनगणना-2027 देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जो विकास योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण के लिए आधारभूत आंकड़े उपलब्ध कराती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने-अपने क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करें।
प्रशिक्षण सत्र में मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, डिजिटल डेटा संग्रहण, सीएमएमएस पोर्टल एवं हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन मोबाइल ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर, गणनाकारों और पर्यवेक्षकों को आगे प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना कार्य पूरी तरह से डिजिटल, सटीक और समय-सीमा के भीतर संपन्न हो सकेगा।
इस मौके पर एसडीओ कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, डीएसओ शेषनाथ बैठा, सहायक निदेशक रविशंकर मिश्रा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar