समाज सेवा में सीसीएल और रोटरी की साझेदारी प्रोजेक्ट की सफलता पर आभार समारोह आयोजित
रांची, 10 जुलाई (हि.स.)। रिनपास, रांची में संचालित संयुक्त पहल प्रोजेक्ट मानस की सफलता पर रोटरी क्लब रांची ने आभार समारोह शुक्रवार को आयोजित किया।
इस अवसर पर सीसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर ने कहा कि समाज को कुछ नया और बेहतर देना सीसीएल की कार्यसंस्कृति का मूल उद्देश्य है और रोटरी के साथ साझेदारी जनकल्याण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि सीसीएल की लाल-लाडली योजना के तहत हर वर्ष 20 विद्यार्थियों को आईआईटी की तैयारी कराई जाती है। खेलगांव को वार्षिक सहयोग, ०९ गांवों का समग्र विकास, रांची सदर अस्पताल में 50 बेड के आश्रयगृह का निर्माण, गांवों में मेडिटेशन शिविर और 10 डायलिसिस मशीनों की उपलब्धता जैसी पहल समाजहित में संचालित की जा रही हैं।
सीसीएल के महाप्रबंधक (वित्त) संजय सिंह ने कहा कि रोटरी की सेवा भावना और विश्वसनीयता के कारण दोनों संस्थाएं कई सामाजिक परियोजनाओं में मिलकर कार्य कर रही हैं। रोटरी क्लब के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानव सेवा के क्षेत्र में यह साझेदारी प्रेरणादायी उदाहरण है।
रोटरी के प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव बागरॉय ने सामूहिक सेवा की भावना पर बल दिया, जबकि पूर्व गवर्नर अजय छाबड़ा ने रोटरी फाउंडेशन के सेवा कार्यों और पोलियो उन्मूलन अभियान की चर्चा की।
कार्यक्रम में संजय कश्यप, क्लब की सचिव शालिनी सिंघानिया, पीडीजी अनिल सिंह, पीडीजी राजीव मोदी, भंडारी लाल, विनोद सरावगी,सुरेश साबु, जी सी सिंह, मनोज तिवारी, शाहिद पॉल, रेखा सिंह, अजय साबु सहित बड़ी संख्या में सीसीएल और रोटरी क्लब के पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar